UPDATE CHANDAULI NEWS: चंदौली के एसपी आकाश पटेल ने थाना धीना पर औचक निरीक्षण करते हुए ढिलाई पर संबंधितों को फटकार लगाया। साथ ही सख्त निर्देश दिए।
जनपद में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, थानों की वास्तविक कार्यप्रणाली को परखने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चंदौली, श्री आकाश पटेल द्वारा गुरुवार को थाना धीना का औचक (आकस्मिक) निरीक्षण किया गया। बिना किसी पूर्व सूचना के पुलिस अधीक्षक अचानक थाने पहुंचें। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीधे थाने की कार्यप्रणाली, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के रख-रखाव का धरातलीय जायजा लिया।
एसपी का औचक निरीक्षण
एसपी ने थाना कार्यालय तथा महिला हेल्प डेस्क पर पहुंचकर पीड़ितों की समस्याओं के निस्तारण का फीडबैक लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्या को पूरी संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ सुनकर उसका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। CCTNS कक्ष का बारीकी से निरीक्षण करते हुए ऑनलाइन एफआईआर, प्राथमिकी प्रविष्टियों और अपराध संबंधी डाटा एंट्री को रियल-टाइम अपडेट रखने के निर्देश दिए।उन्होंने इसमें किसी भी तरह की देरी पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।
अभिलेखों का अद्यतनीकरण व रख-रखाव
अपराध रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर तथा बीट सूचना रजिस्टर का अवलोकन किया गया। सभी प्रविष्टियों को पूर्ण व सुव्यवस्थित रखने हेतु संबंधित प्रभारियों को हिदायत दी गई।
CHANDAULI NEWS: ALSO READ
Chandauli news: चंदौली पुलिस में बड़ा फेरबदल।
Chandauli news: टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा।
मालखाना व सीज वाहनों का निस्तारण
थाना परिसर में वर्षों से लंबित अभियोगों से संबंधित माल व सीज किए गए वाहनों की स्थिति देखी गई। न्यायालय के आदेशानुसार नियमानुसार उनके त्वरित विधिक निस्तारण तथा मालखाने के व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए गए।
अपराध नियंत्रण, गश्त व वांछितों की गिरफ्तारी
थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में प्रभावी रात्रि गश्त, सघन वाहन चेकिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाए। लंबे समय से फरार चल रहे वांछितों एवं वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल सुरक्षा
मिशन शक्ति केन्द्र को चौबीसों घंटे सक्रिय रखने, प्राप्त शिकायतों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में मनचलों व शोहदों के विरुद्ध एन्टी-रोमियो स्क्वाड के माध्यम से अभियान चलाने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैरक व मेस व्यवस्था
जवानों के रहने हेतु बने बैरकों एवं भोजनालय (मेस) की साफ-सफाई की गुणवत्ता को परखा गया और जवानों को पौष्टिक व स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के संबंध में संबंधितों को दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने निर्देश देते हुए बताया कि जनता की सेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के पालन में किसी भी स्तर पर शिथिलता, घोर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोरतम वैधानिक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।






