UPDATE CHANDAULI NEWS: मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जवानों में हर्ष। चंदौली में विधायक रमेश जायसवाल की उपस्थिति में हुआ वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर से प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पी0आर0डी0) स्वयंसेवकों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पी0आर0डी0 जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और योजनाओं का शुभारंभ किये। जिसे लेकर जवानों में खासा उत्साह देखा गया।
CHANDAULI NEWS: ALSO READ
Chandauli news: इंस्पेक्टर को किया निलंबित, 3 पर जांच।
Chandauli news: जब एसपी ने ढिलाई पर लगाई फटकार।
पी0आर0डी0 जवानों का बढ़ा दैनिक ड्यूटी भत्ता
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने पी0आर0डी0 जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन करने की घोषणा की। इसके साथ ही पी0आर0डी0 जवानों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं वर्दी भत्ता वितरण का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत चन्दौली जनपद के पी0आर0डी0 जवान साकिर अंसारी को मुख्यमंत्री जी के हाथों कैशलेस सुविधा का लाभ प्राप्त हुआ। इसके अलावा लखनऊ के सरोजनीनगर (ग्राम परवर पश्चिम) में 22.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मल्टीस्टोरी बैरक के निर्माण की भी जानकारी दी गई।
जवानों को वर्चुअल माध्यम से गया जोड़ा
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से चन्दौली कलेक्ट्रेट सभागार में लगभग 150 पी0आर0डी0 जवानों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया। जनपद स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (पीडीडीयू नगर) के विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, उपायुक्त स्वतः रोजगार एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल ने कहा इस अवसर पर मैं आप सभी जवानों से यही आह्वान करता हूं कि सरकार द्वारा दिए गए इस मान-सम्मान को अपनी प्रेरणा बनाएं। आप सभी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं तथा उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करें। आप समाज की सुरक्षा की एक मजबूत कड़ी हैं, और आपकी यह सेवा ही प्रदेश की प्रगति का आधार है। एक बार फिर आप सभी को इन नई सुविधाओं और भत्तों की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि को बुके व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि जिला युवा कल्याण अधिकारी ने अन्य प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया।
जिला युवा कल्याण एवं पी0आर0डी0 अधिकारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में वर्तमान में 390 सक्रिय पी0आर0डी0 जवान पंजीकृत हैं, जिनकी ड्यूटी पारदर्शी तरीके से विभागीय पोर्टल के माध्यम से लगाई जाती है। वर्तमान में थानों, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग, कलेक्ट्रेट सुरक्षा, खनन विभाग और विकास भवन सहित विभिन्न विभागीय और गैर-विभागीय संस्थानों में कुल 349 जवानों की तैनाती की गई है। इनका मानदेय भुगतान प्रतिमाह प्राप्त मस्टररोल के आधार पर सीधे कोषागार से ई-पेमेंट के जरिए उनके बैंक खातों में किया जाता है।
कार्यक्रम के अंत में जिला युवा कल्याण अधिकारी ने मुख्य अतिथि और उपस्थित जवानों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।






