UPDATE CHANDAULI NEWS: 5 जून को होने वाले विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। डीआरएम ने दिलाई हरित शपथ। निकाली गई प्रभात फेरी, चला सिगनेचर कैंपेन, जूट बैग किये गए वितरित।
डीडीयू जंक्शन पर हस्ताक्षर अभियान
पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर हस्ताक्षर अभियान (Signature Campaign) चलाया गया। जिसमें यात्रियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। यात्रियों को प्लास्टिक उपयोग समाप्त करने के लिए जागरूक करते हुए जूट बैग का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य प्लास्टिक के विकल्प के रूप में पर्यावरण हितैषी विकल्पों को अपनाना था। मंडल मुख्यालय पर आयोजित इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक दिलीप कुमार सहित अन्य रेल अधिकारी व बड़ी संख्या में रेल कर्मी उपस्थित रहे।
प्रमुख स्टेशनों पर जागरूकता कार्यक्रम
मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों जैसे गया, सासाराम, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन तथा अन्य स्टेशनों पर भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 5 जून तक चलने वाले इस अभियान में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं प्लास्टिक मुक्त वातावरण आदि की दिशा में रेल कर्मियों सहित आमजन को जागरूक करने हेतु पर्यावरण एवं गृह प्रबंधन विभाग के समन्वय में अन्य रेल विभागों के सहयोग से अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ भारत की दिशा में एक मजबूत कदम उठाना है।