UPDATE CHANDAULI NEWS: चंदौली के वनांचल गांवों में अब डिजिटल नेटवर्क पहुंचेगा। जिले के चकिया और नौगढ़ के 4 गांवों में बीएसएनएल बीटीएस की स्वीकृति मिली है।
जनपद के सीमावर्ती एवं वनांचल क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन को एक बड़ी सफलता मिली है। दूरसंचार विभाग (DoT) ने चकिया और नौगढ़ विकास खंड के चार नेटवर्क-विहीन गांवों—छितमपुर, चिकनी, देवरी कला तथा ताला—में मोबाइल बीटीएस (बेस ट्रांसीवर स्टेशन) स्थापित करने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
वनांचल गांवों में डिजिटल नेटवर्क
यह सफलता जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के सतत प्रयासों, दूरसंचार विभाग के साथ उच्चस्तरीय समन्वय और निरंतर पैरवी का परिणाम है। इन दूरस्थ क्षेत्रों में लंबे समय से नेटवर्क की समस्या बनी हुई थी, जिससे स्थानीय ग्रामीण डिजिटल सेवाओं से वंचित थे।
CHANDAULI NEWS: ALSO READ
Chandauli news: उच्च स्तरीय टीम के द्वारा जांच के निर्देश।
Chandauli news: डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर छापेमारी।
4 गांवों में बीएसएनएल बीटीएस
मोबाइल टावर स्थापित होने से स्थानीय निवासियों को न केवल बेहतर वॉयस कॉल नेटवर्क मिलेगा, बल्कि उच्च गति वाली इंटरनेट सेवाओं का भी विस्तार होगा। इससे विद्यार्थियों को डिजिटल पठन-पाठन सामग्री तक आसान पहुंच मिलेगी ई-बैंकिंग और यूपीआई सेवाओं के संचालन में सहूलियत होगी आपात स्थिति में एम्बुलेंस या अन्य सहायता के लिए संपर्क साधना आसान होगा।
13 अन्य गांवों का प्रस्ताव भी विचाराधीन
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, चकिया एवं नौगढ़ विकास खंड के 13 अन्य नेटवर्क-विहीन गांवों में भी बीटीएस स्थापना का प्रस्ताव दूरसंचार विभाग को भेजा जा चुका है। वर्तमान में यह प्रस्ताव विभागीय प्रक्रिया के अंतर्गत विचाराधीन है। स्वीकृति मिलते ही इन गांवों में भी टावर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।
जनपद के प्रत्येक नागरिक तक निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण दूरसंचार सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।






