UPDATE CHANDAULI NEWS: चंदौली के टीआरएस शेड में रेलकर्मी की मौत के मामले में डीआरएम ने उच्च स्तरीय टीम के द्वारा जांच के निर्देश दिया है।
यूपी के जनपद चंदौली में शनिवार की सुबह रेलकर्मी की मौत के बाद मामला गरमाया हुआ है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के टीआरएस शेड, डीडीयू में टेक्नीशियन-प्रथम प्रमोद कुमार यादव (लगभग 52 वर्षीय) क्रेन ऑपरेशन के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा उन्हें तत्काल रेलवे लोको अस्पताल, डीडीयू पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए एपेक्स हॉस्पिटल, वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गयी।
हरकत में आये रेल अधिकारी
रेलकर्मी की मौत के बाद मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर आवश्यक औपचारिकताओं के दौरान रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी लगातार परिजनों के साथ रहे। मृतक के परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया। साथ ही दिवंगत प्रमोद यादव के परिजनों को अंत्येष्टि हेतु तात्कालिक आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
CHANDAULI NEWS: ALSO READ
Chandauli news: डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर छापेमारी।
Chandauli news: एक्शन मोड में नज़र आएं सीडीओ।
युद्धस्तर पर सेवा-परिलाभों की प्रक्रिया
रेलवे द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया है कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर कार्मिक विभाग द्वारा डीसीआरजी (DCRG), अवकाश नगदीकरण (Leave Encashment), समूह बीमा (GIS), स्टाफ बेनिफिट फंड (SBF) तथा पारिवारिक पेंशन सहित अन्य देय सेवा-परिलाभों की प्रक्रिया प्राथमिकता एवं युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दी गई है। सभी औपचारिकताएं एक सप्ताह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, दिवंगत कर्मचारी के आश्रित को रेलवे की अनुकंपा नियुक्ति योजना के अंतर्गत नियुक्ति हेतु आवश्यक कार्यवाही भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण की जाएगी।
उच्चस्तरीय जांच के निर्देश
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा घटना की तकनीकी जांच उच्च स्तरीय टीम के द्वारा किए जाने हेतु निर्देश दिए गए हैं। पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल, पूर्व मध्य रेल अपने कर्मियों की सुरक्षा, कल्याण एवं सुरक्षित कार्य-संस्कृति के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। दिवंगत प्रमोद कुमार यादव के असामयिक निधन पर मंडल गहरा शोक व्यक्त करता है तथा इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ खड़ा है।





